अराईज मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट ने पोस्टर पंपलेट हटाया : मांगी माफी

नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता को प्रभावित करने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्ती का असर: पोस्टर-पंपलेट हटाने आगे आए संस्थान

सागर/स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देशानुसार सार्वजनिक स्थानों, दीवारों एवं विद्युत पोल पर अवैध रूप से पोस्टर और पंपलेट चिपकाकर शहर की सुंदरता को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत नोटिस जारी कर कार्रवाई की जा रही है।
निगमायुक्त के इस सख्त रवैये का सकारात्मक प्रभाव अब शहर में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। पहले जहां विभिन्न संस्थान एवं कोचिंग सेंटर प्रचार-प्रसार के लिए बिना अनुमति के पोस्टर-पंपलेट लगाते थे, वहीं अब वे स्वयं आगे आकर उन्हें हटाने की पहल कर रहे हैं। यह बदलाव न केवल प्रशासन की सख्ती का परिणाम है, बल्कि स्वच्छता के प्रति बढ़ती जागरूकता को भी दर्शाता है।
इसी क्रम में शहर के एक प्रमुख संस्थान, अराईज मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट ने भी जिम्मेदारी का परिचय देते हुए पूरे शहर में लगाए गए अपने पोस्टर और पंपलेट हटाने का कार्य प्रारंभ कर दिया है। संस्थान के मैनेजर रोहित दीक्षित द्वारा लिखित माफीनामा प्रस्तुत कर भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने का आश्वासन भी दिया गया है। यह कदम अन्य संस्थानों के लिए भी एक सकारात्मक संदेश है कि वे नियमों का पालन करते हुए स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करें।
नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान में नागरिकों कीसहभागिता को विशेष महत्व दिया जा रहा है। निगमायुक्त ने शहर के सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, कोचिंग संस्थानों एवं अन्य संगठनों से अपील की है कि वे स्वच्छ सर्वेक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं और किसी भी सार्वजनिक स्थल पर पोस्टर या पंपलेट न चिपकाएं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल शहर की छवि को खराब करती हैं, बल्कि कानूनन अपराध भी हैं।
निगमायुक्त श्री खत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति या संस्था शहर की स्वच्छता को प्रभावित करते हुए पोस्टर-पंपलेट लगाते पाए गए, तो उनके विरुद्ध संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संस्था या व्यक्ति की होगी।
नगर निगम की इस सख्त कार्रवाई और जागरूकता अभियान का उद्देश्य सागर शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है, ताकि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *